झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले चार दिनों से सुबह गर्मी और दोपहर बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। बुधवार को भी कुछ ऐसा ही दृश्य रहा। सुबह तेज गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया, जिससे अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री बढ़कर 33.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
दोपहर तीन बजे के बाद मौसम में परिवर्तन शुरू हुआ। शाम चार बजे तक आसमान में घने बादल छा गए और शाम पांच बजे से बारिश शुरू हो गई। इस दौरान तेज हवा, वज्रपात और गरज-चमक का दौर जारी रहा। झमाझम बारिश के कारण रात में गर्मी से राहत मिली और न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री की गिरावट के साथ 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम में बदलाव का कारण:
मौसम विभाग के विशेषज्ञ अभिषेक आनंद के अनुसार, झारखंड में नमी का प्रवाह बढ़ रहा है। पंजाब से उत्तरी बंगाल तक फैली ईस्ट-वेस्ट ट्रफ लाइन बिहार के मध्य होते हुए झारखंड के उत्तरी हिस्से से गुजर रही है, जिससे तेज हवाएं, वज्रपात और गर्जन की स्थिति बनी हुई है।
तेज हवा और धूल भरी आंधी ने बढ़ाई परेशानी:
बुधवार को बारिश के दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रही। धूल भरी आंधी के कारण आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
झारखंड में जल्द पहुंच सकता है मॉनसून:
मौसम विभाग के अनुसार, इस साल मॉनसून सामान्य से पहले सक्रिय हो रहा है। केरल में 25 मई तक मॉनसून के पहुंचने की संभावना है। यदि स्थितियाँ अनुकूल रहीं, तो झारखंड में 5 से 7 जून के बीच मॉनसून का आगमन हो सकता है। इसके बाद एक सप्ताह के अंदर यह पूरे राज्य में फैल जाएगा।