अप्रैल के अंतिम सप्ताह में झारखंड का मौसम अचानक बदल गया है। बुधवार को पूरे दिन धूप-छांव के बाद दोपहर से शाम तक गरज-चमक और हल्की बारिश ने अप्रैल की विदाई कर दी। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। अगले चार दिनों तक तेज आंधी और बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में दो से चार मई तक गरज, चमक और आंधी के साथ बारिश जारी रह सकती है। कुछ हिस्सों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
तापमान में गिरावट
बादल और हल्की बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। 23 अप्रैल को जहां तापमान 37 डिग्री था, वहीं बुधवार को यह 30 डिग्री सेल्सियस तक आ गया।
अगले पांच दिनों का संभावित तापमान:
- 2 मई (गुरुवार): अधिकतम – 30°C | न्यूनतम – 21°C
- 3 मई (शुक्रवार): अधिकतम – 32°C | न्यूनतम – 23°C
- 4 मई: गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
- 5 व 6 मई: कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश संभव
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें, तेज आंधी के समय पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें।